Mon. Apr 28th, 2025

मौसम अपडेट:रात का पारा 12 डिग्री, 19 के बाद और बढ़ेगी ठिठुरन

बाड़मेर थार में सर्दी का असर अब तेज होने लगा है। सुबह व रात को ठिठुरन महसूस की जा रही है। साथ रात के पारे में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। लेकिन दिन का तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को दिन के तापमान में 1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अधिकतम तापमान 29 डिग्री व न्यूनतम तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया। रात व दिन के पारे में 17 डिग्री का अंतर रहा। जबकि बुधवार को अधिकतम 27.9 डिग्री व न्यूनतम 11.7 डिग्री था। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आगामी दिनों में सर्दी का असर और कम हो जाएगा। तापमान में 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। 16 से 18 दिसंबर के बीच सक्रिय हुए एक पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी होगी। यह सिस्टम 18 दिसंबर को आगे निकल जाएगा और 19-20 दिसंबर से उत्तर भारत से बर्फीली हवाएं चलना शुरू होगी। इन सर्द हवाओं के राजस्थान में आने से तापमान में गिरावट होगी और सर्दी का असर तेज हो जाएगा।

ठंड का असर बढ़ने से किसानों को काफी लाभ होगा। अभी रबी की सीजन चल रही है। खेतों में सरसों, चना, जीरा, इसबगोल व गेहूं की बुवाई हो चुकी है। गुरुवार को जिले के काफी इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। ठंड से फसलों की अच्छी बढ़वार होगी। साथ ही दाने के आकार में बढ़ोतरी होगी। वहीं दानों की संख्या भी बढ़ेगी। पानी की समस्या का सामना कर रहे किसानों के लिए भी ठंड से फायदा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *