थरकोट और बड़ाबे झील में जल्द शुरू होगा नौकायन
पिथौरागढ़। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बड़ाबे और थरकोट झील में जल्द नौकायन शुरू होगा। जिला प्रशासन नौकायन शुरू करने के लिए निविदा निकालने की तैयारी कर रहा है। दोनों स्थानों को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। आलवेदर रोड के किनारे करीब 32 करोड़ की 750 मीटर लंबी और 53 मीटर चौड़ी एवं 15 मीटर गहरी कृत्रिम थरकोट झील का निर्माण किया गया है। सिंचाई विभाग ने छह माह पूर्व झील का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। झील का निर्माण पूरा होने के बाद इसमें पानी भी भर गया है। बड़ाबे में भी कुछ समय पूर्व झील का निर्माण पूरा हो गया है। दोनों स्थानों को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां लोग परिवार के साथ नौकायन का आनंद उठा सकेंगे। इसी झील से पिथौरागढ़ नगर में पेयजल आपूर्ति के लिए चार एमएलडी की पेयजल योजना का निर्माण कार्य चल रहा है। पिथौरागढ़। थरकोट में झील निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सीमांत जिले में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदि कैलाश दौरे के बाद पर्यटन गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं। यहां देश- विदेश के पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है।
जल्द ही थरकोट और बड़ाबे झील में नौकायन शुरू किया जाएगा। नौकायन शुरू करने के लिए निविदा आमंत्रित करने की तैयारी की जा रही है।
– रीना जोशी, डीएम, पिथौरागढ़।