Sun. Apr 27th, 2025

पहाड़ों में सुबह से खिली चटक धूप, शाम को सता रही कड़ाके की ठंड, नैनीताल में मौसम सुहाना

उत्तराखंड में मौसम पल-पल बदल रहा है। उत्तराखंड के नैनीताल में इन दिनों मौसम खुशनुमा बना हुआ है। आज नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रपुर, बाजपुर और पिथौरागढ़ में सुबह से ही धूप खिली हैं। वहीं, उत्तराखंड में 26 से 30 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा।

वहीं, नैनीताल में मंगलवार को आसमान साफ था और धूप खिली हुई थी। हालांकि दिन में हल्के बादल आने लगे लेकिन दिन छिपने तक मौसम सामान्य हो गया। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी नवीन धूसिया के मुताबिक अधिकतम तापमान 13 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहा।

वहीं, चंपावत जिले के विभिन्न स्थानों पर सुबह पाला गिरने और शाम को चल रही शीतलहर से तापमान में काफी गिरावट आ गई है। बीते चार दिनों से लगातार मौसम शुष्क और ठंडी हवाओं के चलते मौसम में परिवर्तन देखने को मिल रहा है। मंगलवार को चंपावत में सुबह पाला गिरने और दिन के बाद ठंडी हवाओं के चलते तापमान में काफी गिरावट देखने को मिली। दोपहर बाद धूप-छांव का खेल देखने को मिला।
चंपावत नगर का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लगातार बढ़ रही ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की गई है जिससे फड़, रेड्डी और फुटपाथ पर रहने वालों को राहत मिल रही है।

बागेश्वर में कड़ाके की ठंड 
बागेश्वर में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम साफ रहने से पाला गिर रहा है। तापमान में भी कमी आई है। बागेश्वर में दिसंबर शुरूआत से ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से ठंड बढ़ी है। रात को पाला गिरने से सुबह सर्द हो गई है। सूर्योदय के बाद ठंड में कुछ कमी आती है। सूर्यास्त के बाद ठंड और बढ़ जाती है। इन दिनों सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

हिमालयी क्षेत्र से सटे इलाके कीमू, लीती, गोगिना, कर्मी, धूर,बदियाकोट, खाती आदि में ठंड अधिक है। हिमालयी क्षेत्र से सटे इलाकों में न्यूनतम तापमान एक-दो डिग्री पहुंच रहा है। लोग ठंड से बचाव के लिए गरम कपड़ों के साथ आग का सहारा ले रहे हैं। बागेश्वर नगर में पड़ रही कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगरपालिका ने नगर के पांच-छह स्थानों पर अलाव जलाना शुरू कर दिया है। इससे राहगीरों के साथ यात्रियों को राहत मिल रही है। लोग ठंड दूर करने के लिए अलाव सेंक रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *