सुगम और सुरक्षित होगा कीरतपुर मनाली फोरलेन, डबल लेन होंगी सभी सुरंगें; पर्यटकों के लिए बनेंगी आकर्षण का केंद्र

मंडी। कीरतपुर मनाली फोरलेन पर अब और सुगम व सुरक्षित होगा। इस मार्ग पर 41.31 किलोमीटर लंबी 28 यातायात सुरंगें बनेंगी। सुरंगों के निर्माण कार्य पर 5632 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। 13 सुरंगों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। सात निर्माणाधीन हैं। एनएचएआइ आठ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रहा है।
सुरंगों के बनने से मार्ग पर पहाड़ दरकने व यातायात बाधित होने की समस्या से राहत मिलेगी। सभी सुरंगें डबल लेन होंगी। हर स्थान पर डबल लेन की दो दो सुरंगें होंगी। इससे वाहनों की आवाजाही में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेंगी। पहले फोरलेन पर डबल लेन की एक एक सुरंग ही प्रस्तावित थी।
नेरचौक से पंडोह के बीच करीब 26 किलोमीटर मार्ग पर छह सुरंगों का निर्माण कार्य होगा। 774 करोड़ की लागत से बनने वाली इन सुरंगों की कुल लंबाई 5.60 किलोमीटर रहेगी। मंडी बाईपास पर चार सुरंगों का निर्माण हो रहा है। दो सुरंगें चार व छह मील के बीच प्रस्तावित हैं।
पंडोह से टकोली के बीच 2128 करोड़ की राशि से 19.07 किलोमीटर की 10 सुरंगों का निर्माण हो रहा है। आठ सुरंगें बन चुकी है। पंडोह बाईपास पर दो सुरंगें निर्माणाधीन हैं। यहां सुरंगों के निर्माण से पहाड़ से चट्टानें गिरने से होने वाले जानमाल के नुकसान से लोगों को निजात मिलेगी। पंडोह से कुल्लू तक का सफर भी सुगम होगा।
पर्यटन नगरी मनाली के लेफ्ट बैंक में डबल लेन मार्ग का निर्माण होगा। यहां प्रीणी से बीआरओ मार्ग को जोड़ने के लिए 1400 करोड़ रुपये की लागत से सात किलोमीटर की दो सुरंगें बनेंगी। इससे पर्यटन नगरी पर वाहनों का दबाव कम होगा। कीरतपुर से मनाली तक 41 बड़े पुल बनेंगे।