Tue. Apr 29th, 2025

संजय वन में पर्यटकों की सहूलियत के लिए खुलेगी कैंटीन

रुद्रपुर। संजय वन में पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुुए जल्द ही कैंटीन का निर्माण किया जाएगा। कैंटीन के साथ ही संजय वन के मुख्य गेट के साथ शौचालय और संजय वन क्षेत्र की सोलर फेंसिंग भी की जाएगी। वन विभाग ने निर्माण के लिए 20 लाख का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। हल्द्वानी स्टेट हाईवे स्थित संजय वन में पर्यटकों की सुविधाओं के अनुसार तैयार किया जा रहा है। संजय वन में हर सप्ताह करीब 500 पर्यटक वन क्षेत्र में घूमने के लिए आते हैं। पर्यटकों को खाने पीने की चीजें बाहर से खरीदकर लानी पड़ती थी। संजय वन के 6-7 किलोमीटर के दायरे में एक भी दुकान नहीं है। इसलिए कई बार पर्यटकों को खाने-पीने की चीजें उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। परिवार के साथ आने वाले छोटे बच्चों को सबसे अधिक समस्या होती है। अब जल्द ही पर्यटक संजय वन में कैंटीन की सुविधा का लाभ ले पाएंगे। संजय वन 15 हेक्टेयर में फैला हुआ है। जंगल के बीच में होने के कारण हाथी और अन्य जंगली जानवरों का संजय वन क्षेत्र में आने का खतरा बना रहता है। संजय वन के 550 क्षेत्र की सोलर फेंसिंग कर चैन लिंक किया जाएगा। सोलर फेंसिंग होने से पर्यटक बिना डर के वन क्षेत्र में घूम पाएंगे। अधिक से अधिक पर्यटकों को लुुभाने के लिए संजय वन के मुख्य गेट को और आकर्षित बनाया जाएगा। वन विभाग की ओर से 20 लाख रुपये का प्रस्ताव निदेशालय को स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। 20 लाख रुपये से ही संजय वन में मौजूद पुराने भवन और शौचालयों की मरम्मत का कार्य भी किया जाएगा।
संजय वन में कैंटीन का निर्माण का प्रस्ताव जिला योजना के मंजूरी के लिए जिला प्रशासन को भेजा जाएगा। कैंटीन होने से खाने पीने की सुविधाएं मिल सकेगी। मुख्य गेट के निर्माण का कार्य भी किया जाएगा, जिससे अधिक पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा। – हिमांशु बागड़ी, डीएफओ, तराई केंद्रीय वन प्रभाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *