दून में शुक्रवार रहा सीजन का सबसे ठंडा दिन, अगले चार दिन तक रहेगा शीत दिवस

भले ही इस सीजन अभी तक बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है, लेकिन मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक शीत दिवस होने के साथ ही सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। दिन का अधिकतम तापमान छह डिग्री कमी के साथ 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। उधर आज (शनिवार) से अगले चार दिन तक शीत दिवस जैसी स्थिति रहेगी। बीते कुछ दिनों से घना कोहरा और पाला पड़ने से सूखी ठंड सता रही है। शुक्रवार को दिन भर घना कोहरा छाने, सर्द हवाएं चलने व तापमान गिरने से कंपकंपी छूट गई। शीत दिवस होने के चलते दिन भर बादल छाने की वजह से अंधेरा जैसा माहौल रहा। देर शाम को हल्का सा सूरज दिखा लेकिन तापमान में कोई असर नहीं पड़ा।
शीत दिवस तापमान के 10 डिग्री से कम हो जाने और अधिकतम तापमान के मौसम के सामान्य तापमान से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिर जाने की बाद होता है। वहीं, अधिकतम तापमान के 6.5 डिग्री और इससे अधिक नीचे गिर जाने के बाद गंभीर शीत दिवस होता है।