नगर निगम ऋषिकेश के नवनियुक्त मुख्य नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर में व्यवस्थित पार्किंग और स्वच्छता उनकी प्राथमिकता होगी। निगम के बकायेदारों से वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। मंगलवार को मुख्य नगर आयुक्त शैलेंद्र सिंह नेगी ने अपने कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि पार्किंग शहर की सबसे गंभीर समस्या है। पार्किंग व्यवस्थित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। कहा कि नगर निगम के स्वामित्व वाले स्थानों पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण करने के प्रयास किया जाएगा। जिससे कि समस्या का समाधान हो सके। निगम क्षेत्र में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए हर वार्ड का वह स्थलीय निरीक्षण भी करेंगे। उन्होंने कहा कि निगम की आय वृद्धि पर भी विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाएगा। निगम के बड़े बकायेदारों से शतप्रतिशत वसूली के लिए अभियान चलाया जाएगा। कूड़ा निस्तारण केंद्र का निर्माण और सिटी प्लान पर भी तेजी से कार्य किया जाएगा। आस्था पथ की सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।