Tue. Apr 29th, 2025

उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, चारधाम समेत इन जगहों पर हुई बर्फबारी; माइनस में पहुंचा तापमान

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट बदल ली है। बुधवार को बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के अलावा औली एवं हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से लोगों ने राहत की सांस ली है। कारोबारियों को लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार था। बर्फबारी से निचले क्षेत्रों में कड़ाके की शीतलहर चल रही है। रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ जनपदों के निचले क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक रूप से बादल छाये रहे और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। देहरादून में दिनभर चटख धूप खिली रही। हरिद्वार, उधम सिंह नगर में दोपहर तक घने कोहरे ने परेशानी बढ़ाई। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं सुबह से ही गहरे बादल छाये हुए थे। हालांकि निचले इलाकों में धूप खिली रही। दोपहर बाद चारधाम के साथ-साथ पर्यटक स्थल औली और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी शुरू हो गई। पौड़ी जनपद के कुछ क्षेत्रों में देर शाम को घने बादल छाये रहे। वहीं देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री कम 11.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 9.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 14.2 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को उत्तराखंड का मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जनपदों में कहीं-कहीं कोहरा छाये रहने की संभावना है। बुधवार को प्रदेश के तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *