कल से उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ; इन जिलों में होगी बारिश और बर्फबारी

देहरादून। उत्तराखंड में 25 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। 26 जनवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की वर्षा-बर्फबारी के आसार बन रहे हैं। इसके साथ ही गलन भी बढ़ने वाली है।
राज्य में मंगलवार को कोहरे के कारण ऊधम सिंह जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी एवं कक्षा एक से आठवीं तक के सभी सरकारी व निजी विद्यालय बंद रहे, जबकि चंपावत के टनकपुर क्षेत्र के स्कूलों में तीन दिन तक का अवकाश रहेगा।
राज्य में कोहरे की समस्या बनी हुई है। इसके कारण मंगलवार को ऊधम सिंह नगर के पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली की दो और जयपुर की एक उड़ान रद रही। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह-शाम कंपकंपी बढ़ गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में मध्यम से घना कोहरा छाने और शीत दिवस की स्थिति बने रहने का येलो अलर्ट जारी किया है।
दून समेत पर्वतीय क्षेत्रों में चटख धूप ने ठंड से फौरी राहत दी है। देहरादून में दिनभर अच्छी धूप रहने से अधिकतम तापमान वापस सामान्य हो गया। न्यूनतम तापमान में गिरावट के कारण सुबह-शाम कंपकंपी बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश में आज मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।
गुरुवार को पर्वतीय क्षेत्रों में बादल विकसित हो सकते हैं। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ व बागेश्वर में चोटियों पर हिमपात हो सकता है। कहीं-कहीं हल्की वर्षा के आसार हैं।