द. अफ्रीका को हराकर लगातार दूसरी बार फाइनल में भारत, ऑस्ट्रेलिया या पाकिस्तान से होगा मुकाबला

भारत के युवा खिलाड़ियों ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है। टीम इंडिया को अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंचा दिया है। गत विजेता भारत ने मंगलवार (छह फरवरी) को सेमीफाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका को दो विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही उसने लगातार दूसरी बार फाइनल में अपनी जगह बनाई है। वह उसका मुकाबला 11 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया या पाकिस्तान से होगा। भारत नौवीं बार अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में पहुंचा है। उसने पिछली बार 2022 में इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया था। भारत साल 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में चैंपियन बन चुका है। 2006, 2016 और 2020 में उसे फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। टीम इंडिया की नजर इस बार छठी बार खिताब जीतने पर है। भारत के लिए इस मैच में कप्तान उदय सहारन ने शानदार पारी खेली। 32 रन पर चार विकेट गिर जाने के बाद उन्होंने सचिन धास के साथ 171 रन की साझेदारी की। सचिन दुर्भाग्यशाली रहे और शतक नहीं लगा पाए। वह 96 रन बनाकर आउट हुए। सहारन 49वें ओवर में आउट हुए। पवेलियन लौटने से पहले वह टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा चुके थे। उनका विकेट 244 रन के स्कोर पर गिरा। वहां से भारत को जीत के लिए सिर्फ एक रन बनाने थे। राज लिंबानी ने चौका मारकर मैच को समाप्त कर दिया।