हल्द्वानी से मुनस्यारी और पिथौरागढ़ के लिए 14 से शुरू हो सकती है हेली सेवा
पिथौरागढ़। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए और पहाड़ों के दुर्गम क्षेत्रों में यात्रा को सुगम बनाने के लिए सरकार ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 14 फरवरी से मुनस्यारी और पिथौरागढ़ से हल्द्वानी तक सात सीटर हेली सेवा शुरू हो सकती है। इससे पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। साथ ही लोगों को आपातकाल में भी सुविधा मिल सकेगी। हेलीकाॅप्टर सेवा शुरू होने से दिल्ली से आने वाले पर्यटक हल्द्वानी से मुनस्यारी, पिथौरागढ़ और अन्य हिमालय क्षेत्र में कम समय में पहुंच सकेंगे। कई बार पर्यटक पहाड़ियों की वजह और ज्यादा समय लगने के चलते मुनस्यारी और पिथौरागढ़ आने से बचते हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में हेली सेवा शुरू कर रही है। इसमें हल्द्वानी से चंपावत, पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के लिए हेली सेवा शुरू की जानी है। बीते बुधवार को डीजीसीए, हेरिटेज एविएशन ने पिथौरागढ़ और मुनस्यारी हेलीपैड का निरीक्षण किया था। यहां ट्रायल लैंडिंग सफल रही थी। गौलापार हल्द्वानी हेलीपैड में कुछ दिक्कतें मिली हैं। यहां खामियों के दूर होते ही हेली सेवा शुरू हो जाएगी।