Mon. May 5th, 2025

मेले में किसानों को सिखाए गन्ना पैदावार बढ़ाने के तरीके

काशीपुर। अखिल भारतीय गन्ना शोध परियोजना के अन्तर्गत बुधवार को काशीपुर स्थित गन्ना अनुसंधान केंद्र के परिसर में किसान मेला आयोजित किया गया। जिसमें वैज्ञानिकों ने किसानों को बताया कि किस तरह गन्ने की आधुनिक तरीके से खेती करके कम लागत में ज्यादा उत्पादन लिया जा सकता है। गन्ने की फसल में लगने वाली बीमारियों से बचाव और फसल की देखरेख के बारे में भी जानकारी दी गई। किसान मेले में मुख्य अतिथि पंतनगर विवि के पादप रोग विभाग के सेवानिवृत्त प्रो. विश्वनाथ ने गन्ने के समेकित रोग प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। संस्थान के प्रभारी अधिकारी डॉ. संजय कुमार ने गन्ने की खेती के संबंध में नित हो रहे नए प्रयोगों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि गन्ना बुआई की तैयारी, मिट्टी परीक्षण, गहरी जुताई एवं ट्रेंच विधि द्वारा गन्ना उत्पादन करने की जानकारी दी। परियोजना के समन्वयक डॉ. आनंद सिंह जीना ने गन्ने की प्रजातियों के विकास, उन्नतशील प्रजातियां एवं उनके महत्व के बारे में बताया। वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ कश्यप ने गन्ना में लगने वाले रोग एवं कीटों से बचाव के उपाय किसानों को बताए। कार्यक्रम में डॉ. मुन्नालाल ने गन्ने की बुआई की विधियां एवं कृषि यंत्रों के बारे में जानकारी दी। प्रमोद कुमार ने भी किसानों का मार्ग दर्शन किया। किसान मेले के दौरान 10 से अधिक विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं की ओर से स्टाल लगाए गए। वहां बबीता रानी, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *