Wed. Apr 30th, 2025

हेली एंबुलेंस सेवा का ट्रायल सफल

एम्स ऋषिकेश से हेली एंबुलेंस सेवा शुरू होने का इंतजार अब जल्द समाप्त होगा। हेली एंबुलेंस सेवा का सफल ट्रायल किया गया। लोक सभा चुनावों को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है एक माह के भीतर सेवा शुरू कर दी जाएगी। 20 सितंबर 2022 को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में एम्स में हेली एंबुलेंस के संचालन की घोषणा की थी। हेली एबुलेंस सेवा का संचालन केंद्र और उत्तराखंड सरकार की 50-50 फीसदी की साझेदारी में होना है। अनुबंधित कंपनी एक महीने में 45 घायलों और मरीजों को निशुल्क हेली एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराएगी। हेली एंबुलेंस पूरे उत्तराखंड के साथ उत्तरप्रदेश के 100 किमी के दायरे में सेवा मुहैया कराएगी। हेली एंबुलेंस सेवा शुरू किए जाने के लिए बुधवार को दो बार सफल ट्रायल किया गया। मेरठ से असेंबल्ड हेली एंबुलेंस बुधवार करीब सवा एक बजे एम्स हेलीपैड पर लैंड हुई। इसके लिए यहां पूर्व से ही तैयारियां की गई थी। ट्रायल के लिए हेलीपैड पर एंबुलेंस भी तैनात थी। लैंडिंग व टेक ऑफ के साथ ही एंबुलेंस से मरीजों को ट्राॅमा तक ले जाने का ट्रायल किया गया।
एम्स प्रशासन का कहना है कि ट्रायल पूर्ण रूप से सफल रहा है। संभावना जताई जा रही है कि एक माह के भीतर हेली एंबुलेंस सेवा का उद्घाटन कर दिया जाएगा। ट्रायल के दौरान एम्स के उप निदेशक ले. कर्नल अमित परासर, हेली एंबुलेंस स्वास्थ्य सेवा के नोडल अधिकारी डाॅ. मधुर उनियाल, पीआरओ संदीप कुमार, मुख्य सुरक्षा अधिकारी कमांडेंट अनिल चंद्र, प्रशासनिक अधिकारी गौरव बडोला के साथ ही डीजीसीए व संबंधित एजेंसी के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *