रोहतांग और शिमला सहित कई स्थानों पर आंधी व ओलावृष्टि से नुकसान, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

शिमला। रोहतांग में डेढ़ फीट, अटल टनल में आधी फीट ताजा हिमपात हुआ है। शिमला सहित कई अन्य स्थानों पर आंधी व ओलावृष्टि के कारण फलों और फसलों को नुकसान हुआ है। आंधी व वर्षा के कारण तीन मकानों को नुकसान हुआ। सेब के फूलों के झड़ने के साथ गुठलीदार फल भी टूटकर गिरे हैं। उधर गेहूं की खड़ी फसल को आंधी व वर्षा से नुकसान हुआ है। अप्रैल माह में जहां मैदानी राज्यों में लू की स्थिति है। वहीं, शिमला में आंधी, ओलावृष्टि व वर्षा ने ठंड को बढ़ा दिया है। इसके कारण अधिकतम तापमान में तीन से करीब 12 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। तीन एनएच सहित 49 सड़कें यातायात के लिए बंद हैं। चंबा में सात ट्रांसफार्मरों के खराब होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है।
दो दिनों की आंधी व ओलावृष्टि और वर्षा के कारण करीब 25 लाख के नुकसान का अनुमान है। ये नुकसान और बढ़ेगा। सोमवार को आंधी, ओलावृष्टि के साथ वर्षा का क्रम जारी रहा। मौसम विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू व शिमला में आंधी के साथ आसमानी बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में वर्षा की संभावना जताई गई है। एक अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने का अनुमान है। उधर अधिकतम तापमान में गिरावट के कारण केलंग का अधिकतम तापमान न्यूनतम से कम दर्ज किया गया।
स्थान वर्षा मिलीमीटर में
भुंतर 24
डलहौजी 22
मनाली 21
सुंदरनगर 14
हमीरपुर 11