Wed. Mar 12th, 2025

गर्मी ने तोड़ा चार साल का रिकॉर्ड, दिन के बाद रात को भी झुलसाया; जानें कब मिलेगी राहत

उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से गर्मी तल्ख तेवर दिखा रही है। मैदान से लेकर पहाड़ तक के अधिकतम तापमान में सामान्य से पांच-छह डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को भी दून में एक बार फिर रिकॉर्ड तोड़ गर्मी दर्ज की गई। दून का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 40.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले साल 2020 में इस दिन का यहां का तापमान 40.1 डिग्री रहा था। तापमान में बढ़ोतरी होने से हीट वेव ने दिन के साथ रात को भी खूब परेशान किया। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के साथ राहगीरों को मुश्किल झेलनी पड़ी। उधर, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार आज (मंगलवार) भी अधिकतम तापमान 40 डिग्री रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है, तापमान में हो रही बढ़ोतरी की वजह से मैदान में हीट वेव चल रही है। आने वाले दिनों की बात करें तो मई के आखिरी दिनों में हीट वेव से राहत मिलने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि सामान्य तापमान में 4.5 डिग्री की बढ़ोतरी होने के बाद हीट वेव चलती है। इस बार मई में अभी तक कई बार सामान्य तापमान में बढ़ोतरी होने से हीट वेव चली है। इसका असर रात के समय में भी देखने को मिला।
दिन भर चटक धूप खिलने से सामान्य तापमान में हुई बढ़ोतरी का असर रात के न्यूनतम तापमान में भी देखने को मिला। रात का पारा पांच डिग्री अधिक रहने से गर्म हवाओं ने खूब परेशान किया। दून का न्यूनतम पारा पांच डिग्री बढ़ोतरी के साथ 26.7 डिग्री दर्ज किया गया।
पांच जिलों में झोंकेदार हवा चलने की चेतावनी
प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। केंद्र की ओर से रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और चंपावत जिले के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा इन जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

यह रहा तापमान
अधिकतम         न्यूनतम

देहरादून-    40.4           26.7
पंतनगर-    41.0           26.9
मुक्तेश्वर-    27.6          14.8
नई टिहरी-    29.0          18.5

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *