Sun. Apr 27th, 2025

प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे

भोपाल | मध्य प्रदेश कांग्रेस की दो दिवसीय कार्यसमिति की बैठक शुक्रवार को संपन्न हो गई। इसमें प्रदेश पदाधिकारियों के दायित्व का निर्धारण कर दिया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष संभाग और महासचिव जिले की जिम्मेदारी संभालेंगे। सचिव और सह सचिवों को महासचिवों के साथ संलग्न किया है। वे इन्हें विधानसभावार तैनात करेंगे।

सभी पदाधिकारियों को माह में कम से कम दो बार दौरा करना होगा और इसकी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में देनी होगी। इसके आधार पर सबके काम का मूल्यांकन भी होगा। बैठक में पांच प्रस्ताव भी पास किए गए। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और सह सचिव की बैठक हुई।

इसमें राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह व प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अब संगठन को मजबूत करने पर फोकस करना है। संगठन का विस्तार गांव, वार्ड और मोहल्ला स्तर तक किया जाएगा। बूथ कमेटी के सदस्य भी इन्हीं समितियों में से बनाए जाएंगे।

सबको मिलजुलकर आपसी सामंजस्य के साथ संगठन को विस्तार देना है। जनहित के मुद्दे स्थानीय स्तर पर प्रमुखता से उठाने के साथ पार्टी के कार्यक्रमों का निचले स्तर तक क्रियान्वयन की सामूहिक जिम्मेदारी होगी। उपाध्यक्ष को संभाग और महासचिव को जिला का प्रभार दिया जाएगा।

सचिव और सह सचिव को महासचिवों के साथ संलग्न किया जाएगा। गृह क्षेत्र में पदाधिकारी को जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। सभी पदाधिकारियों का मासिक कार्यक्रम बनाकर प्रवास करना होगा और इसकी सूचना और रिपोर्ट भी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को देनी होगी।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से मार्गदर्शन लेकर युवाओं को आगे बढ़ाने पर काम किया जाएगा। प्रदेश में बीस वर्ष से भाजपा की सरकार है। भ्रष्टाचार, किसानों के साथ अन्याय, महिलाओं के साथ दुष्कर्म, युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़, दलितों-आदिवासियों पर अत्याचार हो रहे हैं तो महंगाई और बेरोजगारी से सभी परेशान हैं। जनहित के इन विषयों को प्रमुखता से उठाया जाए।

 30 से 40 घरों की बनेगी मोहल्ला समिति प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि 30 से 40 घरों की मोहल्ला कमेटी बनाई जाएगी।   प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पदाधिकारियों को बताया कि फरवरी-मार्च, 2025 में प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रांतीय  अधिवेशन बुलाया जाएगा।

मैं भी आप सभी की तरह हूं, मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है उसको निभाने के लिए आप सभी से सहयोग की अपेक्षा है। बैठक में संगठन की मजबूती के लिए सर्वसम्मति से पांच प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें ग्राम पंचायत, वार्ड पंचायत, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना, संगठन से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने, वार्ड कांग्रेस का गठन, प्रभारियों के दायित्वों, क्रियान्वयन और प्रगति रिपोर्ट और विधानसभा का घेराव शामिल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *