Sun. Apr 27th, 2025

सिंधिया के करीबी के लिए पार्टी ने ताक पर रखा संविधान

मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के संगठन चुनाव की प्रक्रिया के तहत सोमवार को 18 जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा की गई। इनमें से 9 नाम पुराने हैं, जबकि 9 जगहों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। इन जिला अध्यक्षों में सबसे हैरान करने वाला नाम ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी और शिवपुरी की करैरा सीट से पूर्व कांग्रेसी विधायक जसमंत जाटव का रहा। जिन्होंने मार्च 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था। उनको जिला अध्यक्ष बनाने के लिए पार्टी ने अपने संविधान को भी ताक पर रख दिया।

दरअसल जाटव को भाजपा में आए चार साल ही हुए हैं, जबकि पार्टी संविधान के अनुसार जिला अध्यक्ष बनने के लिए पार्टी में 6 साल तक सक्रिय सदस्य होना अनिवार्य है। ऐसे में पार्टी ने अपने संविधान के नियमों को ताक पर रखकर जाटव को भाजपा जिला अध्यक्ष बनाया है।

भाजपा के टिकट पर लड़े, लेकिन हार गए

जसमंत जाटव साल 2018 में हुए प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर शिवपुरी की करैरा सीट से जीते थे। इसके बाद साल 2020 में भाजपा में आने पर उन्होंने विधायकी से इस्तीफा दे दिया। फिर इसी साल हुए उपचुनाव में वे भाजपा के टिकट पर लड़े थे, लेकिन चुनाव हार गए थे। इसके बाद 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काट दिया था।

इन 9 जगहों पर जिलाध्यक्षों को दोबारा मौका मिला

पार्टी ने रतलाम, बुरहानपुर, हरदा, पन्ना, अशोक नगर, गुना, छतरपुर, मऊगंज और मैहर में पुराने जिलाध्यक्षों को एकबार फिर मौका देते हुए उन्हें दोबारा इस पद पर बैठाया है। जबकि भोपाल, भोपाल ग्रामीण, देवास, जबलपुर ग्रामीण, उज्जैन ग्रामीण, नीमच, श्योपुर, खंडवा और शिवपुरी में नए चेहरों को मौका दिया गया है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दी नए जिलाध्यक्षों को बधाई

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सभी नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों के नाम सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उन्हें बधाई दी और साथ में लिखा, ‘आप सभी अपनी कर्मठता और समर्पण से संगठन के विस्तार एवं लोकसेवा के सभी संकल्प सिद्ध करेंगे तथा कार्यकर्ताओं को गढ़ने में भी अहम भूमिका निभाएंगे, यही शुभकामनाएं हैं। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’

कांग्रेस बोली- आज उपाध्याय-मुखर्जी की आत्मा रो रही होगी

जाटव को शिवपुरी जिलाध्यक्ष बनाए जाने को लेकर कांग्रेस ने चुटकी लेते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। इस मौके पर कांग्रेस के पीसीसी अध्यक्ष के मीडिया एडवाइजर केके मिश्रा ने भाजपा पर तंज कसते हुए जसमंत जाटव को राजनीतिक रूप से बच्चा बताया।

उन्होंने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, ‘राजनैतिक ‘बच्चे’ के आगे विश्व की सबसे बड़ी कथित (फर्जी) पार्टी भाजपा ने किया आत्म समर्पण… चाहे देश का संविधान हो या पार्टी का, भाजपा को अपने तुच्छ स्वार्थों की आपूर्ति के लिए उसे तोड़ने-मरोड़ने में कोई गुरेज नहीं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *