Sat. Feb 22nd, 2025

भिंड में टोल प्लाजा पर ताबड़तोड़ फायरिंग

भिंड जिले में नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक टोल प्लाजा पर बैठे कर्मचारियों पर गोलियां चलाई। एक कर्मचारी को कुर्सियों और बंदूक के बट से पीटा। घटना उमरी टोल प्लाजा पर पर हुई, जो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमले में दो कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।टोल प्लाजा पर हुए हमले का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में टोल प्लाजा के दो कर्मचारी कुर्सी पर तो एक कर्मचारी बाइक पर बैठा नजर आ रहा है। तभी वहां तीन बाइक पर सवार होकर करीब 8 बदमाश पहुंचते हैं। वे आते ही कर्मचारियों पर हमला करते हैं। उन्हें घेरकर गोली चलाते हैं। अचानक हुए हमले के बाद दो कर्मचारी वहां से भाग जाते हैं, जबकि एक कर्मचारी वहीं गिर पड़ता है। जिसके बाद सभी बदमाश उसे कुर्सी और बंदूक के बट से मारते हैं। टोल के दूसरी ओर भी बदमाश कर्मचारी से मारपीट करते हैं। टोल पर लगे कलेक्शन बूथ और वहां रखी बाइक में भी तोड़फोड़ करते हैं, फिर फरार हो जाते हैं।हमले में दो टोल कर्मचारी गंभीर घायल हो गए। एक कर्मचारी रमेश यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे कर्मचारी बल्लू पंडित के सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद टोल प्लाजा पर भगदड़ मच गई। लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीन बाइक से आए बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। आधा दर्जन से ज्यादा फायर किए। जिससे दो कर्मचारी बुरी तरह घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उमरी थाना पुलिस हरकत में आ गई और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश या लूट की साजिश की आशंका जता रही है। टीआई शिवप्रताप सिंह राजावत ने बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *