आगरा में ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ, गणेश शोभायात्रा के साथ हुआ आगाज़
आगरा।श्री रामलीला कमेटी (रजि.) आगरा की ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ 9 सितम्बर 2025 को बड़े ही धूमधाम से हुआ। प्रथम दिन भगवान श्री गणेश जी की शोभायात्रा निकाली गई। सिद्ध विनायक भगवान श्री गणेश जी रिद्धि-सिद्धि के साथ नगर भ्रमण पर निकले और रामलीला के मंचन का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा राजाबाबू चौराहा से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुज़री। शाम 5 बजे इस यात्रा का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री श्री एस.पी. सिंह बघेल ने फीता काटकर किया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और “जय श्रीराम”, “गणपति बप्पा मोरया” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
रामलीला मंचन का प्रथम दृश्य भगवान गणेश वंदना से शुरू हुआ। कलाकारों ने भव्य प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने पारंपरिक संगीत, नृत्य और झांकियों का आनंद लिया।
श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम टंडन (विधायक) ने बताया कि इस बार रामलीला का मंचन और भी भव्य होगा तथा धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सभी दर्शकों को विशेष अनुभव कराएंगी।
महामंत्री राजीव अग्रवाल ने कहा कि “आगरा की ऐतिहासिक रामलीला उत्तर भारत की पहचान है और यह हमारी धार्मिक आस्था व परंपरा को जीवंत करती है।” वहीं मीडिया प्रभारी राहुल गोतम ने बताया कि 10 सितम्बर को रावण दरबार का मंचन होगा।
भव्य शुरुआत के साथ ही अब शहरवासी प्रतिदिन श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों का आनंद उठा सकेंगे
