Mon. Jan 19th, 2026

अंतरराष्ट्रीय जु जित्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम ने क्यों की आत्महत्या बहन बोली- दीदी कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी…

एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली जु जित्सु खिलाड़ी रोहिणी कलम (35) का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। रविवार को देवास शहर के अर्जुन नगर, राधागंज स्थित उनके आवास पर छोटी बहन रोशनी कलम ने कमरे में शव देखा। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना ने पूरे खेल जगत को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के समय उनकी मां अपनी एक अन्य बेटी के साथ देव दर्शन के लिए बाहर गई हुई थीं, जबकि पिता भी किसी काम से घर से बाहर थे। रोहिणी की छोटी बहन रोशनी ने बताया कि रोहिणी वर्तमान में आष्टा के एक निजी स्कूल में मार्शल आर्ट कोच के पद पर कार्यरत थीं। स्कूल की ओर से वह कुछ परेशान चल रही थी। शनिवार को ही देवास स्थित अपने घर आईं। सुबह उन्होंने सामान्य रूप से चाय-नाश्ता किया था और किसी से फोन पर बात भी की थी। बाद में वह अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

जु जित्सु खिलाड़ी और कोच रोहिणी के पिता बैंक नोट प्रेस के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। रोहिणी चार बहनों में सबसे बड़ी थीं। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और कारणों का पता नहीं चल पाया है। बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात कारणों से हुई इस आत्महत्या की जांच शुरू कर दी है।

रोहिणी ने हांगझोऊ में हुए 19वें एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। वहीं, वे बर्मिंघम में आयोजित विश्व खेलों के लिए चुनी जाने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी थीं। इसके अलावा, इस टूर्नामेंट में भारत के लिए कई पदक भी जीते हैं। रोहिणी ने 2007 में अपने खेल जीवन की शुरुआत की थी और 2015 से पेशेवर रूप से जुजुत्सु में भाग ले रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *