Fri. Jan 16th, 2026

मैं वफादार कांग्रेसी, एक फोटो से मेरी विश्वसनीयता तय करोगे महाराज सिंह पटेल

ग्वालियर। मैं कांग्रेस का वफादार कार्यकर्ता हूं, मेरी पूरी जिंदगी कांग्रेस में वफादारी से बीती है, एक फोटो से मेरी विश्वसनीयता तय होगी क्या? उक्त उदगार मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष महाराज सिंह पटेल ने व्यक्त किये। 
श्री पटेल के उत्तरी मध्यप्रदेश की सबसे प्रमुख न्यूज वेबसाइट सांध्यदेश डाट काम से चर्चा में कहा कि दीपावली के पावन पर्व पर सभी से मिलना जुलना होता है, कांग्रेसी भाजपा वालों से मिले या भाजपाई कांग्रेसियों से मिले, यह एक शिष्टाचार है, इसे मुददा बनाना छोटी मानसिकता का प्रतीक हैं। 
विभिन्न दलों के नेताओं से मिलना गददारी नहीं
श्री पटेल ने बताया कि दिनभर मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों व विधानसभा अध्यक्ष से विभिन्न दलों के लोग मिलते हैं, अपनी बात रखते है। मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक व विधानसभा अध्यक्ष भी सबसे मिलते है तो क्या सब अपने दलों के प्रति गददार तो नहीं होते। श्री पटेल ने बताया कि दीपावली पर सभी से मिलना होता है, मैं भी विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से मिलने गया था। उन्होंने मेरी उम्र देखकर मुझे पास बिठाया और दीपावाली की शुभकामनाएं भी दी। 
फोटो नगरपाल ने वायरल किया
इसी बीच वहां कुछ लोगों ने फोटो लिया इसमे भी कोई बुराई नहीं थी। लेकिन वह फोटो किसी शरारतीतत्व ने हमारे ही कांग्रेसी नगरपाल आर्य को देकर वायरल करा दिया। यह भी कतई बुरा नहीं हैं, लेकिन फोटो की आड़ में तुच्छ राजनीति करना अच्छी बात नहीं है। श्री पटेल ने कहा कि वह 70 साल की उम्र के है और कांग्रेस में उनकी 53 साल की सक्रियता हैं। यदि भाजपा में जाना होता तो जब सिंधिया गये थे तब ही चला जाता।
मैं आजीवन कांग्रेसी
श्री पटेल ने कहा कि उनकी कांग्रेसी राजनीति बेहद शुचितापूर्ण व वफादारी की रही है। वह पार्टी की रीति नीतियों में विश्वास करते रहे है और आजीवन कांग्रेसी रहेंगे। श्री पटेल ने बताया कि जब इंदिरा जी जेल गई थी तो वह भी उस समय जेल जा चुके हैं। इन टुच्चे आरोपों से मेरे कांग्रेसी त्याग, बलिदान पर कभी प्रश्नचिन्ह नहीं लग सकता।
कोई पद से नहीं हटाया
कांग्रेस नेता महाराज सिंह पटेल ने कहा कि यह कहना गलत है कि उन्हें वर्तमान जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह यादव ने विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर के साथ वाले फोटो के बाद पदों से हटा दिया है। उन्होंने कहा कि निवर्तमान अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा के हटने के समय ही वह कार्यकारी अध्यक्ष नहीं रहे। कुछ अन्य पद थे वह भी पुराने कार्यकारिणी हटने से पहले ही वह छोड़ चुके थे। केवन अनुशासन समिति में वह जरूर थे।
कोई पूछेगा तो जबाब दूंगा
कांग्रेस नेता महाराज सिंह पटेल ने कहा कि फोटो वायरल मामले में कोई पूछेगा तो वह जबाब देंगे। किसी से मिलना जुलना अपराध नहीं है। राज्यसभा सांसद अशोक सिंह से लेकर पूर्व मंत्री भगवान सिंह यादव भी सभी से मिलते है, तो क्या वह भी कांग्रेसी नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed