Tue. Mar 3rd, 2026

कक्षा 10वीं-12वीं के छात्रों के लिए जरूरी खबर, टाइम टेबल में बदलाव, यहां देखें नई डेटशीट

उत्तर प्रदेश के कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्रों के लिए काम की खबर है। यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षाओं के कार्यक्रम में आशिंक बदलाव किया है। बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने इस संबंध में एक आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि कुछ विषयों की तारीखों में बदलाव किया गया है, जबकि बाकी सभी विषयों की परीक्षाएं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी।इसके तहत अब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की हिंदी परीक्षा अलग-अलग पालियों में आयोजित की जाएगी। पहले दोनों परीक्षाएं एक ही पाली में आयोजित होनी थीं।

यूपी बोर्ड द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, अब 10वीं की हिंदी और 12वीं की सामान्य हिंदी की परीक्षाएं अलग-अलग तिथियों पर आयोजित की जाएंगी। हाई स्कूल (कक्षा 10वीं) की हिंदी और प्रारंभिक हिंदी विषय की परीक्षा अब 18 फरवरी 2026 को पहली शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इंटरमीडिएट (कक्षा 12वीं) की हिंदी और सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा 18 फरवरी को दूसरी शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इंटरमीडिएट की संस्कृत विषय की परीक्षा की तारीख में भी बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा 12 मार्च 2026 को दूसरी शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। इन बदलावों के अलावा हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की सभी विषयों और प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं अपने पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही होंगी। परीक्षा शेड्यूल में किसी अन्य प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है।जिन छात्रों ने पुरानी डेटशीट डाउनलोड की है, वो बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर नया टाईम टेबल देख सकते है।

फरवरी मार्च में होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं

बता दे कि हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होंगी और 12 मार्च 2026 को समाप्त होंगी। इस बार प्रदेश भर से कुल 52,30,156 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। विशेष बात यह है कि प्रदेश की विभिन्न जेलों में बंद 297 बंदी और कैदी भी बतौर वैयक्तिक परीक्षार्थी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा देंगे। इसके अलावा 64 ट्रांसजेंडर छात्र हाईस्कूल में और 15 ट्रांसजेंडर छात्र इंटरमीडिएट में परीक्षा देंगे।परीक्षाएं 2 पाली में आयोजित की जाएगी। इसमें पहली पारी समय सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी शाम 2:00 बजे से 5:15 बजे तक चलेगी।पिछले साल परीक्षाएं 24 फरवरी से 12 मार्च तक चली थीं ऐसे में साल 2026 में पिछले वर्ष की तुलना में छह दिन पहले यानि 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *