Tue. Mar 3rd, 2026

भोपाल के बड़े तालाब में डल झील की तर्ज पर चलेंगे शिकारा, सीएम डॉ. मोहन यादव ने किया शुभारंभ, ले सकेंगे शॉपिंग और स्थानीय व्यंजनों का लुत्फ

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल जो ‘तालों की नगरी’ कही जाती है..उसे आज एक नया रंग मिला है। अब इस शहर के सबसे बड़े आकर्षण बड़े तालाब में शिकारा चलेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज अपर लेक बोट क्लब में कश्मीर की प्रसिद्ध डल झील की तर्ज पर तैयार 20 आधुनिक शिकारा नौका सेवा का शुभारंभ किया। इस अनूठी पहल से भोपाल का बड़ा तालाब अब पर्यटकों को कश्मीरी शिकारा की याद दिलाएगा और प्रदेश का जल-पर्यटन राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मानचित्र पर मजबूती से उभरेगा।

शिकारा राइड के दौरान पर्यटकों के लिए बर्ड वॉचिंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए नावों में दूरबीन उपलब्ध रहेगी। साथ ही यात्रियों के लिए अन्य शिकारों से हस्तशिल्प उत्पाद, ऑर्गेनिक सब्जियां-फ्रूट्स तथा स्थानीय व्यंजन खरीदने और उनका स्वाद लेने की सुविधा भी रहेगी। इससे स्थानीय कलाकारों व उत्पादकों को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इस शुभारंभ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *