आगरा समेत उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, कई जिलों में दृश्यता शून्य के करीब
आगरा। आगरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। घने कोहरे के कारण आगरा, अलीगढ़ और बाराबंकी में दृश्यता शून्य के करीब पहुंच गई है। वहीं बहराइच में 50 मीटर, कानपुर में 70 मीटर तथा श्रावस्ती, अयोध्या और अमेठी में लगभग 100 मीटर दृश्यता दर्ज की गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात के साथ-साथ जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
रविवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिनभर कोहरे की घनी चादर छाई रही। तराई और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सूरज दिन में भी कोहरे की ओट में छिपा रहा, जिससे शीतलहर का असर और तेज हो गया।मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से हवा का रुख पूर्वा होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी और कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, जिससे मौसम में थोड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार से प्रदेश में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इनके प्रभाव से अगले दो दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है, साथ ही कोहरे के घनत्व में भी कुछ कमी आएगी।
इन जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
प्रतापगढ़, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली और अमेठी
इन जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट की चेतावनी
मिर्जापुर, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, फर्रुखाबाद, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, कासगंज, एटा, मैनपुरी, औरैया, जालौन, हमीरपुर सहित आसपास के इलाके।
