स्ट्रीट फूड वेंडर्स प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
ग्वालियर स्ट्रीट फूड वेंडर्स प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम, कुलिनरी कार्यशाला और किसानों के लिए ग्वालियर में जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। सांसद एवं उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण संबंधी समिति के सदस्य श्री भारत सिंह कुशवाह के मुख्य आतिथ्य में भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा रविवार को भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम) में यह आयोजन होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि अन्य महानगरों की तरह ग्वालियर को भी फूड हब के रूप में विकसित किया जाये, जिससे यहां के लोगों को भी रोजगार के साथ-साथ स्वच्छ एंव शुद्ध खाद्य पदार्थ मिल सकें। उन्होंने कहा ग्वालियरवासियों को भी स्वच्छ एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो। इसके लिए ग्वालियर में भी भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की एक लैब खुलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ग्वालियर में यह लैब स्थापित होने पर मिलावटी खाद्य पदार्थो पर पर प्रभावी अंकुश लगेगा।
सांसद श्री कुशवाह ने कहा कि स्ट्रीट फूड वेंडर्स सुलभ एवं किफायती भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ अजीविका सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। उन्होंने सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को जरूरी बताया।
कार्यक्रम में भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान के निदेशक डॉ. आलोक शर्मा, एफएसएसएआई की सहायक निदेशक सुश्री ज्योति हारने, एफएसएसएआई के सहायक निदेशक वेदांत पाबल एवं प्रोफेसर श्री चन्द्रशेखर बरूआ सहित बड़ी संख्या में किसान एवं फूड स्ट्रीट वेंडर्स शामिल हुए।
