Mon. Mar 2nd, 2026

एक्टिव हो रहा नया सिस्टम, 2 दिन में बदलेगा मौसम, इन जिलों में बादल-बारिश के आसार, छाएगा कोहरा

तापमान बढ़ने से मध्य प्रदेश में ठंड और घने कोहरे का असर कम होने लगा है। मंगलवार (20 जनवरी 2026) को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.5°C मंडला व नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.9°C मंदसौर में रहा। ग्वालियर, रीवा, सतना, छतरपुर (खजुराहो), उज्जैन, छतरपुर (नौगांव) और दतिया जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा।

बीते दिन कहीं भी कोल्ड वेव व कोल्ड डे की स्थिति नहीं रही। मौसम पूरी तरह से शुष्क व साफ रहा। बुधवार (21 जनवरी 2026) सुबह ग्वालियर, भिंड, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, भोपाल, इंदौर और उज्जैन में हल्के कोहरे का असर रहा। अगले एक-दो दिन तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहेगा

तापमान 5 °C से ऊपर

बीते दिन राजगढ़ में 6.6 °C, गिरवर (शाजापुर) में 7.1 °C, इंदौर में 8.4 °C, दतिया में 8.6 °C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। भोपाल में 9.8 °C, ग्वालियर में 10 °C, उज्जैन में 9.8 °C और जबलपुर में 14.5 °C सेल्सियस रहा।

23-24 जनवरी को बादल छाने के साथ बारिश

  • मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश एवं आसपास के क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 1.5 से 3.1 किमी की ऊंचाई के मध्य एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। उत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 241 किमी प्रति घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी 2026 (बुधवार) की रात से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।
  • इसके असर से 23 और 24 जनवरी को मावठा गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में बादल छाने के साथ हल्की बारिश या बूंदा-बांदी की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और छतरपुर जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की भी संभावना है। इसके बाद जनवरी अंत में ठंड का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

पश्चिमी विक्षोभ के असर से 23 जनवरी (शुक्रवार) को ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड और दतिया में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 24 जनवरी (शनिवार) को ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में बारिश की स्थिति बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *