Fri. Feb 20th, 2026

छाए रहेंगे बादल, 3 संभागों में बारिश का अलर्ट, पढ़िए मौसम विभाग का नया अपडेट

पश्चिमी विक्षोभ के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है, जिसके चलते मध्य प्रदेश में बादल छाने लगे हैं। अगले 24 घंटे (23-24 जनवरी 2026) में ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में मावठा गिरने की संभावना जताई गई है। गुरुवार (22 जनवरी 2026) को कटनी के करौंदी और शहडोल के कल्याणपुर में तापमान 5 °C से नीचे दर्ज किया गया, लेकिन अन्य जिलों में 5 °C से ऊपर रहा।

ग्वालियर, सतना, रीवा, गुना, इंदौर, उज्जैन, रतलाम, खजुराहो, मंडला और नरसिंहपुर में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। बीते दिन करौंदी (कटनी) व कल्याणपुर (शहडोल) में 4.9 °C, नौगांव (छतरपुर) में 6.5 °C, उमरिया में 6.9°C रीवा में 7.0 °C और खजुराहो (छतरपुर) में 7.4 °C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर में 9 °C, जबलपुर में 10.9 °C, भोपाल में 11.2 °C, इंदौर में 13.6 °C और उज्जैन में 13.8 °C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.0°C मंडला में दर्ज किया गया।

आज कितना रहेगा तापमान

23 जनवरी 2026 को राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान लगभग 27°C और न्यूनतम 12°C तक रह सकता है, अन्य जिलों में भी दिन का तापमान 26-29°C और रात का 7-15°C के बीच बने रहने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र (IMD), भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 204 किमी प्रति घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। एक नया पश्चिमी विक्षोभ 26 जनवरी 2026 से उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। अगले 24 घंटे में ग्वालियर, श्योपुर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में बादल छाए रहने की संभावना है। 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 °C तक गिरावट आने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *