निरीक्षण करनी पहुंचीं तहसीलदार मैडम, किसानों से कहा- साइड हो जाओ, ये बात करने का तरीका नहीं
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुक कर बूंदाबांदी हो रही है, लेकिन मंगलवार को जिले के कछुआ गांव में हुई मूसलाधार ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी। इस प्राकृतिक आपदा से हजारों हेक्टेयर में खड़ी गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। फसल क्षति का निरीक्षण और सर्वे करने पहुंचीं नायब तहसीलदार और किसानों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिसका वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।ओलावृष्टि के बाद नायब तहसीलदार पूजा मावई जब वाहन से उतरीं, तो उन्होंने किसानों से किनारे हटने को कहा। जब किसानों ने अपनी पीड़ा बताने की कोशिश की, तो नायब तहसीलदार ने कहा, “साइड हो जाओ… साइड हो जाओ, मुझसे बात करने का यह तरीका नहीं है।”नायब तहसीलदार की इस प्रतिक्रिया से किसान नाराज हो गए और उन्होंने कहा कि उन्हें सर्वे नहीं कराना है और अधिकारी वापस जाएं। मामला बिगड़ता देख वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद भितरवार एसडीएम राजीव समाधिया स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज किसानों को शांत कराया और नायब तहसीलदार को साथ लेकर खेतों में जाकर सर्वे की प्रक्रिया शुरू करवाई।
