Fri. Feb 13th, 2026

5 दिन में सक्रिय होंगे 2 नए सिस्टम, फिर बदलेगा मध्य प्रदेश का मौसम, छाए रह सकते हैं बादल, बारिश की संभावना नहीं

अगले एक हफ्ते में मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसका कारण है 13 और 16 फरवरी को बनने वाले दो नए पश्चिमी विक्षोभ। इसके प्रभाव से तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा और बादलों की आवाजाही भी बनी रहेगी। हालांकि कहीं भी बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। फिलहाल सुबह व रात में ठंड का असर बरकरार रहेगा और कहीं-कहीं हल्का कोहरा भी छा सकता है।

बुधवार (11 फरवरी 2026) राज्य के कई हिस्सों में रात के न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज हुई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33°C नर्मदापुरम में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3°C कल्याणपुर (शहडोल) में रहा। राजधानी भोपाल में 12 फरवरी को मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 30 °C और न्यूनतम तापमान लगभग 13 °C सेल्सियस रहने का अनुमान है। प्रदेश के कई जिलों में रात में तापमान 10 से 12 °C के बीच ही रहेगा।

इन जिलों में तापमान 5 से 13 °C के बीच

  • कल्याणपुर (शहडोल) में 4.3°C
  • पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 7.4 °C
  • करौंदी (कटनी) में 8.4 °C
  • अमरकंटक (अनूपपुर) व मंदसौर में 9.1 °C
  • खजुराहो (छतरपुर) में 9.2 °C
  • दतिया में 9.9 °C
  • ग्वालियर में 13 °C
  • उज्जैन और जबलपुर में 13.5 °C
  • भोपाल और इंदौर में 13.6 °C सेल्सियस दर्ज किया गया।

5 दिन में सक्रिय होंगे 2 नए पश्चिमी विक्षोभ

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पूर्वोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर 241 किमी प्रति घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। दो नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को क्रम में एक 13 फरवरी से और दूसरा 16 फरवरी से प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है लेकिन दिन में बादल छाए रह सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed