28 फरवरी से 29 मार्च के बीच इतने दिन बंद रहेंगे बैंक, बैंकिंग संबंधित कामों पर पड़ सकता है असर, जानें डिटेल्स
बैंक यूजर्स के लिए जरूरी खबर है। अगर बैंक संबंधित कोई काम है तो फटाफट निपटा लें, क्योंकि मार्च महीने में होली, रंगपंचमी, रामनवमी के साथ साप्ताहिक अवकाश के चलते 10 से 12 दिन बैंक बंद रहने वाले हैं। बैंक बंद होने के चलते चेकबुक व पासबुक समेत कई बैंकिंग संबंधित काम प्रभावित हो सकते हैं, हालांकि ऑनलाइन सेवाएं जारी रहेंगी जिससे आप कुछ काम कर सकेंगे। एटीएम और डेबिट कार्ड लेन-देन भी चालू रहेंगे।
28 फरवरी को चौथा शनिवार है जिसके चलते बैंक बंद रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक यानी RBI ने 31 मार्च 2026 मंगलवार को वित्तीय वर्ष (Financial Year 2025-26) का अंतिम दिन होने के चलते बैंक हॉलिडे को कैंसिल कर दिया है। पहले यह दिन महावीर जयंती के कारण कुछ राज्यों में बैंक छुट्टी के रूप में सूचीबद्ध था लेकिन अब RBI के नए निर्देश के बाद बैंक इस दिन खुले रहेंगे। RBI के निर्देशों के अनुसार, सरकारी लेन-देन (Tax payments, GST आदि) को संभालने वाली बैंक शाखाएं इस दिन खुली रह सकती हैं। इसके अलावा मार्च में 5 रविववार पड़ेंगे, जिसके चलते बैंक बंद रहेंगे।
जानिए किस तरह तय होती हैं बैंक की छुट्टियां
भारत में बैंक की छुट्टियों में राष्ट्रीय अवकाश (राजपत्रित अवकाश) व सरकारी अवकाश (राज्य/केंद्र) शामिल हैं। राज्य सरकार की छुट्टियां अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग होती हैं, जबकि केंद्र सरकार की छुट्टियां पूरे देश में एक जैसी रहती हैं। साथ ही क्षेत्रीय छुट्टियां किसी विशेष राज्य या क्षेत्र से संबंधित होती हैं। एक राज्य में किसी दिन अवकाश होने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे राज्य में भी छुट्टी होगी। सभी राज्यों की बैंक छुट्टियां स्थानीय मान्यताओं और पर्व-त्योहारों के आधार पर अलग-अलग दिनों को होती हैं।
मार्च में कब-कब बंद रहेंगे बैंक
- 1 मार्च: रविवार
- 3 मार्च (मंगलवार): होली (धुलेंडी/डोल जात्रा) – उत्तर भारत और मध्य भारत के अधिकांश राज्यों में
- 4 मार्च (बुधवार): होली का दूसरा दिन (ओडिशा, बिहार और कुछ अन्य राज्यों में अवकाश)।
- 8 मार्च: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
- 14 मार्च: दूसरा शनिवार (बैंकों में आधिकारिक छुट्टी)
- 15 मार्च: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
- 19 मार्च (गुरुवार): गुड़ी पड़वा/उगादी (महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में नववर्ष के उपलक्ष्य में छुट्टी)।
- 21 मार्च (शनिवार): ईद-उल-फ़ितर (रमजान ईद) – देश के अधिकांश हिस्सों में बैंक अवकाश।
- 22 मार्च: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
- 26 मार्च (गुरुवार): श्री राम नवमी – उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान और अन्य राज्यों
- 28 मार्च: चौथा शनिवार (बैंकों में आधिकारिक छुट्टी)
- 29 मार्च: रविवार (साप्ताहिक अवकाश)
- 31 मार्च (मंगलवार): महावीर जयंती – कई राज्यों में राजपत्रित अवकाश।
बैंक बंद होने पर ग्राहक इन सेवाओं की ले सकते है मदद
- बैंक की छुट्टियों के दौरान ग्राहक ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग कर सकते है, क्योंकि यूपीआई (UPI), मोबाइल बैंकिंग (Mobile Banking), इंटरनेट बैंकिंग (Internet Banking) जैसी डिजिटल सेवाओं (Digital Banking) पर बैंक की छुट्टियों का कोई असर नहीं होता है।
- जिस भी बैंक में आपका खाता हो उस बैंक की अधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए आप नेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें मनी ट्रांसफर ,बिलों का भुगतान और बैलेंस चेक की सुविधा उपलब्ध मिलती है।
- पैसे ट्रांसफर करने के लिए यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) एक सुरक्षित तरीका है आपको केवल UPI ऐप जैसे गूगल पे, फोन पे, पेटीएम (Google Pay, phonePe, paytm) आदि का इस्तेमाल करना होता है।
- इसके अलावा ग्राहक स्मार्टफोन पर बैंक की मोबाइल ऐप के जरिए भी कई सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं, जैसे फंड ट्रांसफर, मोबाइल रिचार्ज, यूटिलिटी बिल पेमेंट आदि।
- पैसे निकालने, बैलेंस चेक करने और मिनी स्टेटमेंट प्राप्त करने के लिए एटीएम हमेशा उपलब्ध रहते हैं। एटीएम में कार्डलेस कैश विड्रॉल जैसी सुविधाओं का भी उपयोग कर सकते हैं।
