Thu. Feb 26th, 2026

नया सिस्टम हो रहा सक्रिय, मार्च से बदलेगा मौसम का मिजाज, फिर छाएंगे बादल, बूंदाबांदी के भी आसार

बादल, बारिश और ओलावृष्टि के बाद एक बार फिर मध्य प्रदेश का मौसम साफ हो गया है। आज बुधवार (25 फरवरी 2026) को मौसम साफ रहने की संभावना है। हालांकि बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में बादल छा सकते हैं। 27 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है जिसके प्रभाव से 1 और 2 मार्च को फिर मौसम बदलने के संकेत हैं।

सोमवार-मंगलवार को इन जिलों में हुई बारिश   

मंगलवार (24 फरवरी 2026) को छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, रतलाम, उज्जैन, बालाघाट, खंडवा, सीहोर, रायसेन, इंदौर, अनूपपुर और डिंडौरी में तेज हवा के साथ बारिश हुई । सोमवार (23 फरवरी 2026) को श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, सीधी और सिंगरौली में हल्की वर्षा दर्ज की गई। इस बारिश से शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, सीधी और सिंगरौली में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। हालांकि राज्य सरकार ने भरपाई का आश्वासन दिया है।

27 फरवरी को सक्रिय होगा नया वेदर सिस्टम

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से मराठवाड़ा तक माध्य समुद्र ताल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर ट्रफ विस्तृत है। उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किमी की ऊंचाई पर लगभग 120 किमी प्रति घंटा की गति से पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 27 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। इसके प्रभाव से 1 और 2 मार्च को प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।

खंडवा-खरगोन में तापमान 33 °C (अधिकतम) के पार

  • पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 10.8 °C
  • मंदसौर में 10.9°C
  • गिरवर (शाजापुर) में 11.5°C
  • राजगढ़ में 12 °C
  • चित्रकूट (सतना) में 11.7 °C
  • खंडवा में 33.1 °C
  • खरगोन में 33 °C
  • मंडला में 33.6 °C
  • नर्मदापुरम में 32.9 °C
  • सिवनी में 32.4 °C

5 बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान

  • भोपाल में 15.2°C
  • इंदौर में 14.0°C
  • जबलपुर में 16.7°C
  • ग्वालियर में 14.6°C
  • उज्जैन में 15.0°C

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *