बोलीविया में करेंसी ले जा रहा वायुसेना का हरक्यूलिस विमान क्रैश, 15 की मौत, 30 घायल
बोलीविया के एल आल्टो शहर में शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब वायुसेना का एक हरक्यूलिस विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। विमान देश के सेंट्रल बैंक के लिए नए छापे गए करेंसी नोट ले जा रहा था।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा एल आल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान हुआ। खराब मौसम के कारण विमान रनवे पर उतरने के बाद नियंत्रण खो बैठा और फिसलकर पास की एक व्यस्त सड़क पर जा गिरा। विमान के सड़क पर गिरते ही वहां मौजूद कई गाड़ियां भी इसकी चपेट में आ गईं।
रनवे से फिसलकर दो टुकड़ों में बंटा विमान
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, विमान की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क पर गिरते ही वह दो टुकड़ों में बंट गया। इस टक्कर में 10 से 15 गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद सड़क पर विमान का मलबा, टूटी-फूटी कारें और शव बिखरे पड़े थे, जिससे भयावह मंजर पैदा हो गया।
स्थानीय मीडिया में जारी फुटेज में विमान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में दिखाया गया है। राष्ट्रीय एयरलाइन ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि यह विमान उसके बेड़े का हिस्सा नहीं था, बल्कि वायुसेना का था।
सड़क पर बिखरे नोट उठाने के लिए मची होड़
हादसे की सबसे हैरान करने वाली तस्वीर तब सामने आई जब सड़क पर विमान के मलबे के साथ-साथ करेंसी नोट भी बिखर गए। इन नोटों को उठाने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल कुछ अपुष्ट वीडियो में दिखाया गया है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों को पानी की बौछार और आंसू गैस का भी इस्तेमाल करना पड़ा।
इस घटना के बाद एल आल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। बोलीविया का सेंट्रल बैंक इस मामले पर जल्द ही एक प्रेस ब्रीफिंग करेगा। प्रशासन ने हादसे के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है और घायलों का स्थानीय अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
