Sat. Mar 14th, 2026

T20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव का खुलासा, कहा- ‘मेरी दिल की धड़कन 160-175 तक पहुंच गई थी’

भारत ने टी-20 विश्व कप के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस हाई-स्कोरिंग मैच के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक अविश्वसनीय अहसास बताया, लेकिन साथ ही यह भी खुलासा किया कि मैच के दौरान वह किस कदर तनाव में थे।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने अपने दिल का हाल बयां किया। उन्होंने कहा कि मैच के दौरान वह बेहद नर्वस थे और उनकी दिल की धड़कन काफी बढ़ गई थी। यह जीत भारत के लिए बेहद खास है क्योंकि अब टीम फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेलेगी।

गेंदबाजों और फील्डिंग को दिया जीत का श्रेय

कप्तान सूर्यकुमार ने इस शानदार जीत का पूरा श्रेय टीम के गेंदबाजों और फील्डर्स को दिया। भारत द्वारा दिए गए 253 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड एक समय जीत की ओर बढ़ रहा था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने वापसी कराई। सूर्यकुमार ने कहा, “मैंने हैरी (ब्रूक) से कहा था कि आपके खिलाफ हमें और कितने रन बनाने की जरूरत है। वे हमेशा मुकाबले में बने हुए थे।”

उन्होंने आगे कहा, “लेकिन जिस तरह बुमराह, अर्शदीप और बाकी गेंदबाजों ने मैच को वापस हमारी ओर मोड़ा, वह अविश्वसनीय था। यह एक शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन था।” इसके अलावा, उन्होंने टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप की भी प्रशंसा की। अक्षर पटेल ने मैच में दो बेहतरीन कैच लपके, जबकि हार्दिक पंड्या ने शतकवीर जैकब बेथलद को एक अहम मौके पर रन आउट किया।

संजू सैमसन की पारी की जमकर तारीफ

सूर्यकुमार यादव ने टीम के बड़े स्कोर में अहम भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन (89 रन) की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “सैमसन को जब बल्लेबाजी के लिए उतरना था, तब उन्हें पूरी तरह पता था कि उन्हें क्या करना है। टीम को उनसे उसी प्रदर्शन की जरूरत थी और उन्होंने वैसा ही किया।” भारत ने सैमसन की पारी की बदौलत ही 7 विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 7 विकेट पर 246 रन ही बना सकी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed