Fri. May 2nd, 2025

वल्लभनगर-धरियावद में जीत को लेकर पार्टी का मंथन; दोनों विधानसभा सीटों के लिए बनी कमेटियों की पहली बैठक में बनेगी रणनीति

मंत्रिमंडल फेरबदल की चर्चाओं के बीच कांग्रेस ने दो सीटों पर होने वाले उपचुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उदयपुर के वल्लभनगर और प्रतापगढ़ के धरियावद सीट पर उपचुनाव होने हैं। दोनों सीटों पर अब कभी भी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो सकती है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में गुरुवार को दोपहर 12 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उपचुनाव के लिए बनी कमेटियों की बैठक बुलाई गई है।

कांग्रेस पर प्रदर्शन दौहराने का दबाव
उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने 16 जुलाई को ही दोनों सीटों के लिए मंत्रियों, विधायकों और कांग्रेस नेताओं की दो कमेटियां बनाई थीं। दोनों कमेटियों को उपचुनाव के मैनेजमेंट की जिम्मेदारी दी गई हैं। इनकी पहली बैठक कल बुलाई गई है। कांग्रेस अब जल्द ही दोनों सीटों पर चुनाव अभियान की शुरूआत कर सकती है। कांग्रेस के सामने उपचुनाव प्रतिष्ठा का सवाल होगा। पिछले तीन उपचुनावों में दो सीटों पर जीत चुकी कांग्रेस के सामने प्रदर्शन दोहराने की चुनौती होगी।

विधायकों के निधन के चलते खाली हुई थीं सीटें
वल्ल्भनगर सीट सचिन पायलट समर्थक कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत के निधन की वजह से खाली हुई थी। यह सीट जनवरी से खाली है। कोरोना के कारण इस सीट पर 6 महीने की अवधि में उपचुनाव के प्रावधान में चुनाव आयोग में छूट दी थी। धरियावाद सीट बीजेपी विधायक गौतम लाल मीणा के मई में कोरोना के निधन की वजह से खाली हुई है।

खाचरियावास को मिली वल्लभनगर​ की जिम्मेदारी​​​​​​
वल्लभनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए बनी कमेटी में उदयपुर के प्रभारी मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, खान मंत्री प्रमोद जैन भाया, सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना, यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गणेश घोघरा, खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार, प्रदेश महासचिव लाखन मीणा और पूर्व विधायक पुष्कर डांगी शामिल हैं।

धरियावद की कमेटी में मंत्री अशोक चांदना
धरियावद विधानसभा उपचुनाव के लिए बनी कमेटी में प्रतापगढ के प्रभारी मंत्री टीएडी मंत्री अर्जुन बामणिया, खेल मंत्री अशोक चांदना, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रघुवीर मीणा, प्रतापगढ विधायक रामलाल मीणा, डूंगरपुर के निवर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश खोड़निया, विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्रजीत सिंह मालवीय और बीज निगम के पूर्व अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *