अब मरीजों को नहीं होगी ऑक्सीजन की कमी:अस्पताल में प्रतिदिन 200 सिलेंडर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा, दो प्लांट शुरू होने से मरीजों को राहत

दौसा कोरोना की दूसरी लहर के दौरान आक्सीजन की कमी से दो-दो हाथ करने के बाद अब जिले में तीन नए ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट शुरू हो गए हैं। जिला अस्पताल में दो व महुवा अस्पताल में बने एक ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वीसी के जरिए किया। दौसा के रामकरण जोशी जिला अस्पताल में ऑक्सीजन जनरेशन प्लांटों के लोकार्पण कार्यक्रम में विधायक मुरारीलाल मीणा, कलेक्टर पीयूष समारिया, सीएमएचओ डॉ. सुभाष बिलोनिया व पीएमओ डॉ. दीपक शर्मा शामिल हुए।
जिला अस्पताल में अब तक 35 सिलेंडर प्रतिदिन ऑक्सीजन उत्पादन हो रहा था। ऐसे में नया प्लांट शुरू होने के बाद 65 सिलेंडर प्रतिदिन ऑक्सीजन जनरेशन हो सकेगा। इसकी कुल लागत 56 लाख लाख रुपए है। इसके साथ ही जिला अस्पताल के ही मातृ एवं शिशु इकाई के लिए भी ऑक्सीजन जनरेशन प्लान्ट का लोकार्पण किया गया। एक करोड़ की लागत से बनें इस प्लांट की उत्पादन क्षमता 100 सिलेंडर प्रतिदिन है। ऐसे में अब जिला अस्पताल में 200 सिलेंडर प्रतिदिन ऑक्सीजन का उत्पादन होगा। इससे मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी।

महुवा सीएचसी में ऑक्सीजन जनरेशन शुरू
इधर, महुवा सीएचसी में भी ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट का लोकार्पण किया गया। यहां ब्लॉक स्तर पर दो ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट पहली बार महुवा विधानसभा क्षेत्र में लग चुके हैं। इससे पहले मंडावर अस्पताल में भी एक प्लांट लग चुका है। यह ऑक्सीजन प्लांट 24 घंटे में 100 ऑक्सीजन सिलेंडर भरने की क्षमता रखता है। 1 घंटे में 30 घनमीटर ऑक्सीजन पैदा कर सकता है। कार्यक्रम में शांति धारीवाल नगरीय विकास मंत्री, रघु शर्मा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री, सुभाष गर्ग चिकित्सा राज्य मंत्री, प्रभारी मंत्री अशोक चांदना व विधायक ओमप्रकाश हुड़ला शामिल हुए।