Tue. Jun 17th, 2025

समाज के विकास के लिए करें विज्ञान का उपयोग: सुधीर

राजकीय इंटर कॉलेज बरोटीवाला में सोमवार को ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सतत विकास में विज्ञान का महत्व विषय पर आयोजित संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान की उपयोगिता पर विचार प्रकट किए। शिक्षकों ने छात्रों को दैनिक जीवन में विज्ञान के महत्व की जानकारी दी। संगोष्ठी में किए गए प्रदर्शन के आधार पर राइंका बरोटीवाला की आसमां प्रथम स्थान पर रहीं।

संगोष्ठी का उद्घाटन प्रधानाचार्य जितेंद्र जोशी और चतर सिंह चौहान ने किया। जिला समन्वयक सुधीर कांति ने छात्रों को बताया कि विज्ञान का उपयोग समाज के विकास के लिए करना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों से विज्ञान को आम लोगों तक पहुंचाने की सलाह दी। कहा कि विज्ञान को स्थानीय परिवेश व संसाधनों से जोड़कर समाज के बीच पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि विज्ञान को आधुनिक प्रयोगशालाओं व बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठानों में किए जाने वाले शोध का विषय ही नहीं समझा जाना चाहिए, बल्कि यह आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार का जरिया भी बन सकता है। ग्रामीण क्षेत्र के स्थानीय संसाधनों के आधार पर भी शोध हो सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वह इस विषय पर बच्चों को जानकारी मुहैया कराएं। ब्लॉक समन्वयक डा. नरेश कुमार ने कहा कि विज्ञान में नवाचारी प्रयोग के माध्यम से छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच विकसित की जानी जरूरी है। संगोष्ठी में किए गए प्रदर्शन के आधार पर राइंका डोभरी की रितिका द्वितीय और राउमावि अंबाड़ी की सुष्मिता तीसरे स्थान पर रही। इस दौरान विजय द्विवेदी, लक्ष्मण सिंह सजवाण, डा. कुलवंत सिंह, डा. कालिका प्रसाद, रश्मि नेगी, ओम प्रकाश, अशोक कुमार, राजेश जोशी, पंकज कुमार जोशी, लक्ष्मी सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed