मानसून का इंतजार खत्म:छतरपुर में आया मानसून, तेज बारिश होने का इंतजार

करीब एक पखवाड़ा आसमान में लगातार बादलों का डेरा है। इसी के चलते गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब एक घंटे अच्छी बारिश हुई। वहीं शुक्रवार सुबह भी रिमझिम फुहारें गिरीं। रात में और सुबह बारिश होने पर शुक्रवार को दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट रही।
अधिकतम तापमान 2 डिग्री नीचे आया तो न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में बादलों की लुकाछिपी लगातार जारी रही। जिससे अच्छी धूप नहीं खिल सकी। हालांकि बादलों की मौजूदगी के बावजूद उमस से लोगों को राहत नहीं मिली। जिले में प्री-मानसून चल रहा है, इसके चलते पूरे जिले में कई दिनों से रुक रुक कर बारिश होने की खबर है। शुक्रवार को तीखी धूप व गर्मी से कुछ राहत मिली, लेकिन उमस बनी रही। गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री था
वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 2 डिग्री गिर कर 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4 डिग्री गिर कर 24.0 डिग्री सेल्सियम रहा। वहीं आर्द्रता सुबह 89 प्रतिशत और शाम को 51 प्रतिशत रही।
मौसम विभाग के भोपाल के अधिकारी डीजी मिश्रा ने बताया कि इस बार प्रदेश में 7 दिन पहले ही मानसून आ गया है। उन्होंने बताया कि सागर संभाग में भी मानसून ने प्रवेश कर लिया है। छतरपुर जिले में भी मानसून पहुंच गया है। इसके चलते आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है। इस बार पिछले वर्ष की तुलना में अधिक बारिश होने का अनुमान है।
किसानों को अच्छी फसल मिलने की उम्मीद
इस बार पश्चिमी बिक्षोभ, उसके बाद प्री-मानसून के दौरान बारिश हुई। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में अच्छी बारिश होने की उम्मीद जताए जाने से किसानों के चेहरों पर खुशी है। किसान बृजभान सिंह, अयोध्या प्रसाद पटेल, चंदन सिंह का कहना है कि इस बार लगता है कि प्रकृति हम पर मेहरबान होगी। अच्छी बारिश होने से हमें इस बार अच्छी फसल मिलने की उम्मीद है।