वेदर अपडेट:भारी बारिश की चेतावनी बदली, गर्मी के साथ उमस बढ़ी, अब 20 से उम्मीद

भारी बारिश की चेतावनी से उम्मीद लगाए बैठे बीकानेर को जहां निराशा हाथ लगी वहीं गर्मी के साथ उमस ने पूरे दिन परेशान किया। मौसम विभाग ने 17 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी थी। शुक्रवार को यह चेतावनी वापस लेने के साथ ही बताया कि अब 20 सितंबर से बारिश होने की उम्मीद है।
बताया गया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। इसलिए अब बारिश 17 की बजाय 20 सितंबर को होगी। हालांकि मौसम में बदलाव जरूर आया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री रहा जिसने बीकानेर को प्रदेश के सबसे गर्म पांच शहरों में लाकर रख दिया।
इसके बावजूद यह तापमान सामान्य से एक डिग्री कम ही है। मतलब यह कि आमतौर पर 17 सितंबर को अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री के आस-पास रहता है। न्यूनतम तापमान 26.1 डिगी रहा जो सामान्य है। तापमान की यह कमी देर रात से सुबह तक हलकी ठंडक का अहसास करवाती है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन भी अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आस-पास रहेगा।
बारिश का आंकड़ा पूरा 225.33 मिमी हो चुकी मानसूनी बारिश
बीकानेर में 17 सितंबर तक मानसूनी बारिश सामान्यतया 221.50 मिमी होती है। इससे इतर इस वर्ष अब तक 225.33 मिमी यानी 1.7 प्रतिशत बारिश ज्यादा हो चुकी है। मतलब यह कि आंकड़ों में बारिश पूरी हो चुकी है। बीते साल से तुलना करें तो इस अवधि में 216.33 मिमी मानसूनी बारिश हुई थी।