Sun. Apr 26th, 2026

अभियान:निगम को जोनल प्लान में शामिल करने के लिए मुख्य सचिव से मिलीं महापौर

बीकानेर प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत जोनल प्लान बनाने के लिए सरकार ने यूआईटी को अधिकृत किया है। निगम भी अपना जोनल प्लान बनाना चाहता है। लेकिन शामिल नहीं किया जा रहा। महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित ने मुख्य सचिव निरंजन आर्य से मिलकर यह बात कही।

उन्होंने सीएस को बताया कि न्यास द्वारा बनाए जा रहे जोनल प्लान में अधिकांश क्षेत्र न्यास अधिकृत है, जोनल प्लान में निगम अधिकृत बहुत ही कम क्षेत्र को शामिल किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में जोनल प्लान न बनाए जाने से नॉन स्कीम एरिया में पट्टा वितरण करने में निगम को भारी समस्या का सामना करना पड़ेगा।

महापौर ने निगम मुख्य सचिव को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया तथा निगम क्षेत्र में जोनल प्लान ना बनने से होने वाले राजस्व नुकसान तथा आमजन को अभियान का फायदा न मिलने को लेकर चर्चा की। महापौर ने मुख्य सचिव को सौंपे पत्र में समस्या के समाधान के लिए निगम द्वारा जोनल प्लान बनाए जाने की स्वीकृति अथवा न्यास अधिकृत एजेंसी के माध्यम से निगम क्षेत्र का जोनल प्लान बनाए जाने के लिए लिखा है।

मुख्य सचिव ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया। महापौर ने बताया कि करीब 8 वर्षों बाद प्रशासन शहरों के संग अभियान का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में आमजनता के बीच इस अभियान से राहत मिलने की खासा उम्मीदें हैं। अगर निगम क्षेत्र का जोनल प्लान नहीं बनता है तो नॉन स्कीम एरिया में पट्टा आवंटन में भारी दिक्कत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *