पारा 5.3 डिग्री पहुंचा:पांच साल में सबसे ठंडा रहा दिसंबर का दूसरा सप्ताह

झुंझुनूं उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई बर्फबारी से जिले में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। जिले में दूसरे दिन भी शीतलहर चली। जिससे न्यूनतम तापमान पांच डिग्री के पास ही रहा। पिछले पांच साल के दौरान दिसंबर का दूसरा सप्ताह सबसे ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञों की माने तो सर्द हवा से आने वाले दिनों में वातावरण में ठिठुरन के साथ तापमान में और गिरावट होगी।
पिलानी स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री से बढ़कर 25 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री से बढ़कर 5.3 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर के कारण पिलानी पिछले पांच साल की तुलना में 12 दिसंबर का दिन सबसे ठंडा रहा। रविवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले इसी दिन वर्ष 2020 में 10.5 तो 2019 में 8 डिग्री था। इस दिन जिले के कुछ स्थानों पर बरसात भी हुई थी। इसी प्रकार वर्ष 2018 में 12.5 डिग्री तथा 2017 में 11.7 डिग्री था। इस दिन भी जिले में बरसात हुई थी।