उत्तराखंड : प्रदेश में कांग्रेस के नए अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का चयन जल्द

देहरादून। कांग्रेस विधानसभा चुनाव में मिली हार से सबक लेकर अब 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटेगी। प्रदेश में कांग्रेस के नए अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष का चयन इसी तैयारी को ध्यान में रखकर किया जाएगा। दोनों ही पदों पर नियुक्ति के संबंध में निर्णय जल्द होगा।
कांग्रेस के सामने 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में प्रदर्शन को सुधारने की चुनौती है। पांचवीं विधानसभा के चुनाव में पार्टी प्रदेश की सत्ता में आने के बजाय दोबारा विपक्ष में पहुंच गई है। कांग्रेस हाईकमान इस हार के लिए प्रदेश अध्यक्ष पद से गणेश गोदियाल का इस्तीफा ले चुका है
अब नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन होना है। साथ ही नेता विधानमंडल दल भी चुना जाना है। केंद्रीय पर्यवेक्षक अविनाश पांडेय एवं प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने दो दिनी समीक्षा बैठक के दौरान पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों, प्रत्याशियों और वरिष्ठ नेताओं से इन पदों में होने वाली नई नियुक्तियों को लेकर विचार-विमर्श किया। कांग्रेस विधानसभा के इसी माह होने वाले सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष का चयन कर सकती है।
नई नियुक्तियों को नेताओं से किया विचार-विमर्श
सूत्रों के अनुसार नेता प्रतिपक्ष पद के लिए पांच विधायकों की ओर से दावेदारी प्रस्तुत की गई है। प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति के संबंध में भी सुझाव दिए गए हैं। केंद्रीय पर्यवेक्षक अविनाश पांडेय ने कहा कि इन दोनों पदों के संबंध में विधायकों के साथ ही अन्य नेताओं से भी चर्चा की गई। चर्चा के बाद पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपेंगे। पांडेय ने बताया कि इन पदों पर कांग्रेस हाईकमान की ओर से निर्णय लिया जाएगा। संगठन में आने वाले दिनों में होने वाले परिवर्तन की जानकारी प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के माध्यम से दी जाएगी।
प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान
उन्होंने कहा कि पार्टी अब प्रदेश में निकाय, पंचायत चुनाव के बाद लोकसभा चुनाव में अपनी स्थिति मजबूत करने पर ध्यान दे रही है। लोकसभा चुनाव में जनता का विश्वास जीतने के लिए अभी से प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए हर जिला मुख्यालय के साथ ही विधानसभा क्षेत्रवार संवाद कार्यक्रम होगा। पूरे प्रदेश में जनसंपर्क अभियान प्रारंभ किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी बूथ स्तर तक जनसंपर्क करेंगे। प्रदेश प्रभारी के निर्देशन में इसे शुरू किया जाएगा।