Tue. Apr 29th, 2025

चार बार के चैंपियन सेबस्टियन वेट्टेल ने किया बड़ा एलान, 2022 सीजन के बाद एफ1 से लेंगे संन्यास

चार बार के फॉर्मूला वन विश्व चैंपियन सेबस्टियन वेट्टेल ने गुरुवार (28 जुलाई) को बड़ा एलान किया। वह 2022 सीजन के बाद एफ1 से संन्यास ले लेंगे। 35 वर्षीय इस जर्मन रेसर ने 2010 से 2013 तक लगातार चार खिताब जीते थे। वह 53 ग्रां प्री जीत चुके हैं। सबसे ज्यादा ग्रां प्री जीतने के मामले में वह दुनिया में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे आगे ब्रिटेन के लुईस हैमिल्टन (103) और जर्मनी के माइकल शूमाकर (91) हैं।

वेट्टेल फेरारी के साथ छह साल बिताने के बाद पिछले सीजन में एस्टन मार्टिन में शामिल हुए थे। फेरारी के साथ वह दो बार 2017 और 2018 में वर्ल्ड चैंपियनशिप में हैमिल्टन के बाद दूसरे स्थान पर रहे थे। वह एस्टन मार्टिन के साथ जुड़ने के बाद 2021 में 12वें स्थान पर रहे थे। फिलहाल वह सीजन में 14वें नंबर पर हैं। वेट्टेल ने 2007 में डेब्यू किया था। वह रेड बुल के साथ लगातार चार बार चैंपियन बने।

वेट्टेल  गुरुवार को एक वीडियो पोस्ट शेयर किया। इसमें उन्होंने संन्यास की पुष्टि की। वेट्टेल ने कहा,  “संन्यास लेने का निर्णय लेना मेरे लिए काफी मुश्किल भरा रहा है। मैंने इसके बारे में सोचने में काफी समय लिया है। साल के अंत में मैं इस पर चिंतन करने के लिए कुछ और समय लेना चाहता हूं कि मैं आगे क्या किस चीज पर ध्यान केंद्रित करूंगा। यह मेरे लिए बहुत स्पष्ट है कि एक पिता होने के नाते मैं अपने परिवार के साथ अधिक समय बिताना चाहता हूं।”

वेट्टेल ने आगे कहा, “मुझे पिछले 15 सालों में फॉर्मूला 1 में कई शानदार लोगों के साथ काम करने का सौभाग्य मिला है। पिछले दो सालों में मैं एक एस्टन मार्टिन ड्राइवर रहा हूं और हमारे परिणाम उतने अच्छे नहीं रहे हैं जितनी हमने उम्मीद की थी। अब टीम को आने वाले समय में एक उच्चतम रेस की जरूरत है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *