Sun. Apr 27th, 2025

टूटा तापमान में गिरावट का क्रम, फिर चढ़ने लगा पारा, आज ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

हल्द्वानी :  तापमान में गिरावट का तीन दिन चला आ रहा सिलसिला रविवार को टूट गया। हल्द्वानी के तापमान में रविवार को 2.4 डिग्री की तेजी देखी गई। रविवार का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री व न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

नैनीताल का अधिकतम तापमान 19.6 डिग्री व न्यूनतम 11 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को कुमाऊं मंडल के मैदानी क्षेत्रों के कुछ भागों में सुबह के समय धुंध या उथला कोहरा छाने की संभावना जताई है। दो नवंबर तक कुमाऊं मंडल में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

कुमाऊं मंडल के पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह व शाम के समय ठंड पड़ रही है। रविवार को चंपावत सबसे अधिक ठंडा वाला स्थान रहा। चंपावत का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लोहाघाट का तापमान मामूली वृद्धि के साथ 5.8 डिग्री रहा। बागेश्वर के शामा में 8.8 डिग्री, मुक्तेश्वर में 8.9 डिग्री, ताकुला में 8.3 डिग्री तापमान रहा। पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी धूप खिल रही है। इसकी वजह से दिन में तापमान 17 से 18 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है

तापमान में कल भले ही तेजी देखी गई मगर मौसम विज्ञानियों के मुताबिक आने वाले समय में पारा एक बार फिर नीचे आएगा। इससे ठंड बढ़ेगी। उच्च पर्वतीय इलाकों में हो रहे हिमपात का असर मैदान इलाकों के तापमान पर देखने को मिलेगा।

मौसम में उतार चढ़ाव लगा हुआ है। मगर फिलहाल अभी अगले दो दिन वर्षा की कोई संभावना नहीं बन रही है। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि एक नवंबर तक कुमाऊं मंडल में वर्षा की संभावना नहीं है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। मैदानी इलाकों में भी दिन के समय मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *