Mon. Apr 28th, 2025

खरगे ने शुरू किया कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद का सिलसिला, दो घंटे की बातचीत

कांग्रेस के नए अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कमान संभालने के एक महीने के भीतर ही पार्टी कार्यकर्ताओं से मेल-मुलाकातों और सीधे संवाद का सिलसिला शुरू कर दिया है। खरगे ने सोमवार को इसकी शुरुआत करते हुए देश के कई हिस्सों से आए कार्यकर्ताओं और आमजनों से मुलाकात कर की। खरगे ने सुबह ग्यारह से एक बजे तक कुल दो घंटे कार्यकर्ताओं की बातें सुनीं।

आम लोगों ने भी की खरगे से मुलाकात

इस दौरान कुछ आम लोगों ने भी खरगे से मुलाकात की। पिछले 26 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने के मौके पर खरगे ने कार्यकर्ताओं से रूबरू होकर पार्टी की कमजोरी को दूर करने की घोषणा की थी। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव से पहले पार्टी के कई असंतुष्ट नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के बीच संवादहीनता को लेकर सवाल उठाए थे। जाहिर तौर पर पार्टी की मौजूदा चुनौतियों को देखते हुए कार्यकर्ताओं से सीधे मेल-मुलाकात खरगे की प्राथमिकताओं की सूची में शामिल है। संकेत हैं कि इस सिलसिले को एक निरंतर स्वरूप दिया जाएगा

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस भी चुनाव प्रचार में जुट गई है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी 26 से लेकर 28 नवंबर तक चुनाव प्रचार करेंगे। एक सूत्र ने बताया कि खरगे, 26 नवंबर को अहमदाबाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और उनके अगले दिन वो एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष, 28 नवंबर को गांधीनगर के पास एक जनसभा को संबोधित करेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *