Wed. Apr 30th, 2025

बनबसा की सुमेधा बनीं सर्वश्रेष्ठ बाल विधायक

बनबसा (चंपावत)। देहरादून में हुई उत्तराखंड बाल विधानसभा के लिए बनबसा निवासी सुमेधा उपाध्याय सर्वश्रेष्ठ बाल विधायक चुनीं गईं। सुमेधा ने बाल विधानसभा के सत्र में नेता प्रतिपक्ष के रूप में आंगनबाड़ी की समस्या उठाई।

उत्तराखंड बाल संरक्षण आयोग के सौजन्य से आयोजित बाल विधानसभा के लिए राज्य से 70 बच्चों का चयन किया गया था जिसमें चंपावत से सुमेधा उपाध्याय एवं दीक्षा खर्कवाल भी शामिल थीं। सुमेधा ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ बाल विधायक चुने जाने पर उसे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पुरस्कृत किया।

सुमेधा ने बताया कि बाल विधायक चयनित होने के बाद देहरादून में तीन दिनी प्रशिक्षण दिया गया जिसके बाद चौथे दिन बाल विधानसभा सत्र हुआ। उसने नेता प्रतिपक्ष के रूप में आंगनबाड़ी भवनों की जीर्णशीर्ण हालत, टीएचआर राशन, पुष्टाहार नहीं मिलने के अलावा वेतन के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा आए दिन आंदोलन किए जाने की समस्या उठाई। सुमेधा ने बताया कि अगला बाल विधानसभा सत्र गैरसैंण में होगा।
सुमेधा के दादा बंशीधर उपाध्याय राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं। पिता दीपक उपाध्याय शिक्षक हैं जबकि मां सरोज उपाध्याय व्यवसायी हैं। सुमेधा बनबसा सेना छावनी स्थित केवि क्रमांक एक में 11वीं की छात्रा है। वह गायत्री परिवार से भी जुड़ीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *