गल्ला विक्रेताओं की हड़ताल खत्म

अल्मोड़ा। सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने 12 दिन से चली आ रही हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया है। पूर्ति विभाग ने उनकी समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन देकर उनकी हड़ताल खत्म कराई है। अब उन्होंने राशन बांटकर उपभोक्ताओं का राहत पहुंचाने का निर्णय लिया है।
सस्ता गल्ला विक्रेता बिलों का भुगतान करने, राशन दुकान तक पहुंचाने सहित कई मांगों को लेकर बीते एक मई से हड़ताल पर थे। उनके हड़ताल पर जाने से सरकारी राशन नहीं बंट रहा था, जिसकी मार उपभोक्ताओं को सहनी पड़ रही थी। पूर्ति विभाग ने उन्हें मांगों पर जल्द गौर करने का आश्वासन देकर उनकी हड़ताल खत्म कराई है। शुक्रवार को पूर्ति अधिकारी दिव्या पांडे ने सस्ता गल्ला विक्रेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने उनके स्तर की समस्याओं का जल्द समाधान करने और सचिव स्तर की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग करने का लिखित आश्वासन दिया। पर्वतीय सस्ता गल्ला विक्रेता संघ के जिलाध्यक्ष संजय साह रिक्खू ने कहा पूर्ति अधिकारी से लिखित आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल खत्म की है। जिला पूर्ति अधिकारी दिव्या पांडे ने कहा उनकी मांगों का जल्द समाधान करने का प्रयास होगा। बैठक में संघ के जिला महामंत्री केसर सिंह खनी, दिनेश गोयल, अभय साह, दीपक साह, विपिन चंद्र तिवारी, प्रमोद पवार सहित कई सस्ता गल्ला विक्रेता मौजूद रहे।