तीरंदाजों ने दिलाया चौथा स्वर्ण, अमन सैनी-प्रगति की कंपाउंड मिश्रित टीम ने कोरिया को हराया
अमन सैनी और प्रगति की कंपाउंड मिश्रित तीरंदाजी टीम ने रविवार को चीन के चेंगदू में विश्व विश्वविद्यालय खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया जो भारत का इस प्रतियोगिता में चौथा स्वर्ण पदक रहा। अमन और प्रगति ने रोमाचंक फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कोरिया के सुआ चो और सेंगहुयान को 157-156 से हराया। भारत इस समय चार स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य सहित कुल 10 पदक जीतकर तालिका में चौथे स्थान पर है। भारतीयों ने तीरंदाजी में पुरुषों और महिलाओं की कंपाउंड टीम स्पर्धा में दो और पदक जीते। संगमप्रीत बिस्ला, अमन सैनी और ऋषभ यादव की पुरुष कंपाउंड टीम ने कोरियाई प्रतिद्वंद्वियों पर 229-225 के स्कोर से जीत हासिल कर कांस्य पदक जीता। पूर्वशा, प्रगति और अवनीत की महिला कंपाउंड तिकड़ी फाइनल में कोरियाई टीम से 224-229 से हार गई जिससे उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।