तीरंदाज संतोष कुमार का जोरदार स्वागत
बागेश्वर। हाल में कनाडा में संपन्न विश्व पुलिस फायर गेम्स में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले तीरंदाज संतोष कुमार का गृह क्षेत्र मेहनरबूंगा पहुंचने पर इलाके के लोगों ने स्वागत किया। गांव पहुंचे संतोष का गांव के लोगों ने ढोल, नगाड़ों के साथ स्वागत किया। उन्हें फूल, मालाओं से लाद दिया। गांव के लोगों ने कहा कि संतोष ने न केवल देश, उत्तराखंड, पुलिस बल्कि गांव का नाम रोशन किया है। उनसे भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
तीरंदाज संतोष कुमार ने अपने अनुभव गांव के लोगों को बताए। कहा कि प्रतियोगिता का अनुभव काफी बेहतर रहा। यह अनुभव भविष्य में काम आएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। भविष्य में और मेहनत से प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। इस मौके पर रमेश राज, ओम प्रकाश, नाथू राम, गोपाल सिंह, मदन सिंह, जीवंती देवी, पुष्पा देवी, देव राम, ख्याली राम आदि मौजूद थे