Thu. May 1st, 2025

पर्वतीय क्षेत्र में मशीनीकरण को बढ़ावा देने से महिला किसानों को होगा फायदा

रुद्रपुर/ पंतनगर। जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय के रतन सिंह प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय महिला आयोग और ग्राम्य विकास ने संयुक्त रूप से महिला किसान और महिला दैनिक मजदूरों के पलायन विषय पर संगोष्ठी आयोजित की। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री गणेश जोशी ने संगोष्ठी का शुभारंभ करते हुए कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से 25 हजार से अधिक किसानों को जोड़ा गया है। उत्तराखंड की करीब 90 प्रतिशत जनसंख्या कृषि आधारित है और इनमें महिला शक्ति का सबसे बड़ा सहयोग है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त करने के लिए पंचायत में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया था और उत्तराखंड में उसे बढ़ाकर 50 फीसदी किया है। कृषि विभाग की ओर से आत्मा योजना के तहत महिला समूह को हर वर्ष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्र में मशीनीकरण को बढ़ावा देने से महिला किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने श्री अन्न के लाभ की जानकारी दी। कहा कि कृषि विकास में विशेषकर फसल उत्पादन, पशुधन, बागवानी, मत्स्य पालन में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कृषि क्षेत्र में स्व-रोज़गार, अवैतनिक सहायता या मजदूरी श्रमिक के रूप में काम करने वाली महिलाओं का अनुपात अधिक है।

कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया। मंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे महिला समूहों के स्टॉलों का निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी हासिल की। वहां पर राष्ट्रीय महिला आयोग सदस्य सचिव मीनाक्षी नेगी, यूआईआरडी के अधिशासी निदेशक आरडी पालीवाल, राष्ट्रीय महिला आयोग के समन्वयक सर्वेश पांडे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, उमा जोशी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *