नैनीताल में ई-रिक्शा में पांचवीं सवारी प्रतिबंधित
नैनीताल। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी प्रशिक्षु आईएएस राहुल आनंद के आदेश पर नगर में संचालित ई-रिक्शा पर पांचवीं सवारी को प्रतिबंधित कर दिया गया है। ई-रिक्शा चालकों की ओर से फ्रंट सीट को बाकायदा रस्सी लगाकर प्रतिबंधित किया जा चुका है। अब यूनियन की ओर से प्रति रिक्शा चार सवारी के टिकट काटे जा रहे हैं। करीब डेढ़ वर्ष पूर्व नगर में ई-रिक्शा की शुरुआत हुई जिसके बाद से अब तक रिक्शे में पांच सवारी बैठाई जा रही थी। संभागीय परिवहन विभाग की ओर से यह चार सवारी में पास है। कई लोगों की ओर से पालिका में इसकी शिकायत भी की जा रही थी। जन शिकायतों का संज्ञान लेते हुए ईओ ने त्वरित एक्शन लिया है। ई रिक्शा चालक के पास में बैठने वाली पांचवीं सवारी को प्रतिबंधित किया गया है। ऐसा पाए जाने पर चालक और यूनियन के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। यूनियन अध्यक्ष नंदा बल्लभ जोशी ने कहा कि ई-रिक्शा में चार सवारी बैठाई जा रही है।